पूर्व सरपंच तरन्नुम फिरदौस ने कहा—लाखों लोगों की परेशानी को देखते हुए अब ठोस पहल जरूरी
अंगप्रदेश लाइव संवाददाता
जगदीशपुर (भागलपुर)- ग्राम पंचायत पुरैनी दक्षिणी की पूर्व सरपंच तरन्नुम फिरदौस ने पुरैनी एवं आसपास के क्षेत्रों की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई हैं। उन्होंने पुरैनी रेलवे स्टेशन के पुनर्जीवन एवं प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए कहा कि ट्रेन का ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्र के यात्रियों को भागलपुर रेलवे स्टेशन जाना पड़ता हैं। स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव होने से आसपास की बड़ी आबादी को लाभ मिल सकता हैं।

पूर्व सरपंच ने क्षेत्र में स्थायी जलनिकासी व्यवस्था कराने की भी मांग की। बताया कि बरसात के मौसम में जलजमाव के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से समस्या बार-बार उत्पन्न होती हैं।

साथ ही सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की मांग की और बताया कि अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो रही हैं और आवागमन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन को जनहित में अभियान चलाकर समस्या का समाधान करना चाहिए।

इसके अलावा तरन्नुम फिरदौस ने पुरैनी-सारथ मार्ग पर चानंद नदी में पुल निर्माण की मांग उठाई। कहा कि पुल बनने से आसपास के गांवों के लोगों का आवागमन सुगम होगा। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

तरन्नुम फिरदौस ने कहा कि ये समस्याएं किसी एक पंचायत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आसपास की बड़ी आबादी इससे प्रभावित है। उन्होंने सांसद, विधायक, प्रशासन एवं पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने की अपील की।साथ ही कहा कि जनता की समस्याओं को संबंधित मंच तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए आवाज उठाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।








