अंगप्रदेश लाइव संवाददाता की रिपोर्ट
अमरपुर/बांका- अमरपुर शहर के बनियाचक मोहल्ले में रविवार को दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर शिवम कुमार की पोखर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में मातम पसरा है। बताया जाता है कि शिवमंदिर स्थित नया पोखर के समीप परिजन खेत में काम कर रहे थे। खाना खाने के बाद शिवम पोखर के सीढ़ी घाट पर हाथ धोने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिर गया।

शिवम को तैरना नहीं आता था। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।









