अंगप्रदेश लाइव संवाददाता
जगदीशपुर/भागलपुर- जगदीशपुर प्रखंड के सैनो पंचायत में मनरेगा योजनाओं के मास्टर रोल और मजदूरों की उपस्थिति में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय मजदूरों और ग्रामीणों का आरोप है कि काम पर नहीं आने वाले कुछ जॉब कार्डधारियों की भी उपस्थिति दर्ज कर योजनाओं की राशि की निकासी की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत में करीब 22 मास्टर रोल में 211 मजदूरों के कार्यरत होने की जानकारी है। ऐसे में मजदूरों की वास्तविक उपस्थिति, कार्यस्थल और मजदूरी भुगतान की जांच की मांग उठ रही है। कुछ मजदूरों ने जॉब कार्ड के कथित दुरुपयोग और भुगतान के बाद राशि निकालने के लिए दबाव बनाए जाने का भी आरोप लगाया है।

ग्रामीणों ने रोजगार सेवक और तकनीकी सहायक की कथित भूमिका की जांच की मांग करते हुए मास्टर रोल, दैनिक उपस्थिति, जॉब कार्ड, बैंक भुगतान एवं कार्यस्थलों की भौतिक जांच कराने की मांग की है।

हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन कवरेज क्षेत्र से बाहर बताया गया। जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








