एनएच-133ई पर जगदीशपुर से रजौन-पुनसिया चौक तक सड़क की बदहाली, बारिश में राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
अंगप्रदेश लाइव संवाददाता
बांका/बिहार- भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग (एनएच-133ई) पर जगदीशपुर से रजौन-पुनसिया चौक तक सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के बाद गड्ढों में जलजमाव होने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे सड़क पर दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
ऐसे में खासकर सबसे अधिक खतरा रात के समय बढ़ जाता है जब पानी से भरे गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालकों, ई-रिक्शा (टोटो) चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई वाहन चालक गड्ढों की वजह से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। यह मार्ग भागलपुर और दुमका को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सड़क संपर्क है, जहां प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने गड्ढों की समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।

तस्वीरों में सड़क की स्थिति साफ तौर पर दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों के बीच से वाहनों को गुजरना पड़ रहा है। सड़क के दोनों किनारों पर भी बारिश का पानी जमा है, जिससे पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही हैं।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से जगदीशपुर से रजौन-पुनसिया चौक तक सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने, गड्ढों की भराई, क्षतिग्रस्त हिस्सों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत तथा जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।, ताकि बारिश के मौसम में बार-बार उत्पन्न होने वाली समस्या से स्थायी राहत मिल सके। अब देखना होगा कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर संबंधित विभाग कब तक प्रभावी कदम उठाता है।










