खरादी मोहल्ले में दो-दो दिनों तक बिजली गुल,उच्च क्षमता के ट्रांसफॉर्मर की मांग-तरन्नुम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंगप्रदेश लाइव संवाददाता

जगदीशपुर(भागलपुर)- जगदीशपुर प्रखंड की ग्राम पंचायत पुरैनी दक्षिणी के खरादी मोहल्ला, वार्ड संख्या 12 में बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है और कई बार लगातार दो-दो दिनों तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पुरैनी बाजार में लगा ट्रांसफॉर्मर खरादी मोहल्ला, मोमिन टोला सहित घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा फैब्रिकेशन इकाइयों, आटा मिलों, कपड़ा बुनाई कार्यशालाओं एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी विद्युत भार संभाल रहा है। ग्रामीणों का दावा है कि अधिक लोड के कारण बार-बार फेज फेल होने, तार जलने और अन्य तकनीकी खराबी की समस्या उत्पन्न होती रहती है।

ग्रामीणों के मुताबिक छोटी तकनीकी खराबी को ठीक करने में भी कई बार 24 से 48 घंटे तक लग जाते हैं। भीषण गर्मी में लगातार बिजली गुल रहने से बच्चे, बुजुर्ग और आम उपभोक्ता परेशान हैं। वहीं बिजली पर निर्भर छोटे कारोबारियों के कामकाज पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।पूर्व सरपंच तरन्नुम फिरदौस ने कहा कि ग्रामीणों ने उन्हें बिजली की समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि दो-दो दिनों तक बिजली के बिना रहना गंभीर समस्या है। बिजली विभाग को मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं का विद्युत भार अलग-अलग करने तथा क्षेत्र में उच्च क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें