उम्मीदवार अनेक हो सकते हैं, लेकिन समाज एक है-जनता सोच-समझकर चुने अपना भविष्य
अंगप्रदेश लाइव संवाददाता
जगदीशपुर(भागलपुर)- पंचायत चुनाव को लेकर गांव-समाज में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने लगी है। इसी बीच पूर्व सरपंच तरन्नुम फिरदौस ने संभावित प्रत्याशियों एवं मतदाताओं से चुनाव को आपसी दुश्मनी और मनमुटाव का कारण नहीं बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अनेक हो सकते हैं और विचार अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन समाज और गांव एक है। पंचायत चुनाव को लोकतांत्रिक तरीके से लड़ा जाना चाहिए, व्यक्तिगत दुश्मनी की तरह नहीं।

प्रत्याशियों को अपनी योग्यता, सोच और जनसेवा की योजनाएं जनता के सामने रखनी चाहिए तथा अंतिम फैसला मतदाताओं के विवेक पर छोड़ देना चाहिए।
तरन्नुम फिरदौस ने कहा कि पंचायत चुनाव केवल किसी व्यक्ति को जिताने या हराने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अगले पांच वर्षों के लिए गांव के विकास और बेहतर प्रतिनिधित्व का चुनाव है। मतदाताओं को सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा और गरीबों की समस्याओं जैसे जनहित के मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए।

उन्होंने मतदाताओं से जाति, रिश्तेदारी, व्यक्तिगत दबाव या भावनाओं के बजाय प्रत्याशी की योग्यता, ईमानदारी, कर्मठता और जनता के बीच उपलब्धता को आधार बनाकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा, “चुनाव आएगा और चला जाएगा, लेकिन भाईचारा और सामाजिक रिश्ते हमेशा रहेंगे। मुकाबला विचारों का हो, दुश्मनी का नहीं और संघर्ष विकास के लिए हो, समाज को बांटने के लिए नहीं।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है। सभी प्रत्याशी अपनी बात जनता तक पहुंचाएं और निर्णय जनता पर छोड़ें। पंचायत चुनाव को शांति, भाईचारे, सम्मान और विकास की भावना के साथ लोकतंत्र के पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए








